पुलिस टीम ने आरोपियों संग दिल्ली में कई स्थानों पर दी दबिश
देहरादून, परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक के घर डकैती के मामले में वसंत विहार थाना पुलिस ने रिमांड मंजूर होने पर आरोपियों से पूछताछ की। पहले दिन पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों संग दिल्ली में कई स्थानों पर दबिश दी है। पुलिस ने आरोपियों के घर भी तलाशी ली है। राजपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मालिक आरपी ईश्वरन के घर डकैती डालने वाले बदमाशों ने वसंत विहार थाना क्षेत्र के विजय पार्क में रहने वाले आरटीओ के संभागीय निरीक्षक आलोक कुमार के घर डकैती डाली थी।
आरोपियों के पुलिस को दिए गए बयानों में इसका खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। आलोक कुमार ने पहले तहरीर देने से इनकार कर दिया था। बाद में आलोक कुमार की पत्नी रमा सिंघल ने पांच लाख कैश और बीस लाख के जेवरात लूटने की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में दो आरोपी मान सिंह और इलियास फरार चल रहे थे। इन्हें पिछले सप्ताह दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों ने दिल्ली में दो करोड़ से अधिक कैश लूटने की बात कही थी,जबकि दून में पकड़े आरोपियों ने 1.38 करोड़ लूटने की बात कही थी। आरोपियों के बयान पर पुलिस द्वारा इन्हें वारंट बी पर दून लाया गया था। यहां तीन दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर होने पर बुधवार को आरोपियों को वसंत विहार थाना पुलिस ने हिरासत में लिया। थाने लाकर डकैती और लूटी गई नगदी के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस ने लूटी गई रकम को छिपाने वाले स्थान के बारे में आरोपियों से पूछा,जिस पर उन्होंने रुपये खर्च होने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम एसओ नत्थीलाल उनियाल के नेतृत्व में दिल्ली रवाना हुई है। दिल्ली में पुलिस टीमों ने आरोपियों के घर और परिचितों के ठिकानों पर दबिश दी। सूत्रों की मानें तो तीनों दिन आरोपी संग पुलिस दिल्ली में कैश और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर दबिशें देंगी।